गढ़वा(GARHWA):नेताओं के वादे, बजट की घोषणाएं और उद्घाटन के बाद भी अगर काम शुरू न हो तो सवाल उठना तय है.मंडल डैम आखिर कब तक इंतजार करवाएगा? झारखंड के गढ़वा जिले की मंडल डैम योजना आज भी अधूरी पड़ी है.यह योजना साल 1984 में शुरू हुई थी, लेकिन 2026 तक भी पूरी नहीं हो सकी है.इतने साल बीतने के बाद भी लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पाया है.साल 2019 में प्रधानमंत्री Narendra Modi ने इस योजना का शिलान्यास किया था.इसके बाद 2024 में करीब 1600 करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी हुआ, ताकि काम पूरा किया जा सके लेकिन जब मौके पर जाकर देखा गया, तो पता चला कि अब तक काम शुरू ही नहीं हुआ है.वहां न कोई अधिकारी मौजूद है और न ही कोई कंपनी काम करती दिख रही है.सिर्फ कुछ सामान रखा हुआ है, जिससे लगता है कि योजना अभी कागजों तक ही सीमित है.
क्यों अब तक पूरा नहीं हो पाया निर्माण कार्य
इस योजना की शुरुआत 1984 में हुई थी, लेकिन 1994-95 में नक्सली हमले में एक अधिकारी की मौत के बाद काम बंद हो गया था. इसके बाद कई सालों तक यह योजना ठप रही.अब कहा जा रहा है कि डैम के गेट तैयार हो चुके हैं और विस्थापितों को बसाने का काम चल रहा है लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी तक कोई असली काम शुरू नहीं हुआ है.यह डैम कोयल नदी पर बनना है, जिससे झारखंड के साथ-साथ बिहार के कई जिलों को फायदा मिलेगा.
काम शुरू होने से होगा इलाके का विकास
ग्रामीणों का कहना है कि अगर यह योजना शुरू हो जाए, तो इलाके का विकास होगा लेकिन फिलहाल लोग सिर्फ इंतजार कर रहे है.हैरानी की बात यह है कि जहां डैम का काम शुरू नहीं हुआ, वहीं उसी इलाके में गेस्ट हाउस और ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण जरूर किया जा रहा है.भाजपा सांसद B. D. Ram का कहना है कि गेट तैयार हैं और जैसे ही विस्थापितों की समस्या हल होगी, काम शुरू कर दिया जाएगा.अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मंडल डैम का काम आखिर कब शुरू होगा और लोगों को इसका फायदा कब मिलेगा.
रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार