जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में शुक्रवार रात ताबड़तोड़ फायरिंग हुई. यह घटना टेल्को थाना क्षेत्र में हुई. मिश्रा बागान के पास बेखौफ बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की. अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों के अनुसार बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने इलाके में पहुंचते ही कई राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से तीन से अधिक खोखा बरामद किया है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाशों ने किसे निशाना बनाकर फायरिंग की थी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की आशंका
पुलिस जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की आशंका जाता रही है. बताया जा रहा है कि मिश्रा भगवान के पास एक जमीन को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा है. आशंका है कि इसी विवाद के कारण शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया. बताया जा रहा है कि मिश्रा बागान के पास एक घर के निर्माण हो रहा है. जिस जमीन पर निर्माण हो रहा उसपर दूसरा व्यक्ति दावा कर रहा है. इसी बात को लेकर घर बनाने वाले व्यक्ति को डराने के उद्वेश्य से फायरिंग की गई. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है. पुलिस के अनुसार फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कर ली गई है. उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की एक टीम जगह-जगह छापेमारी कर रही है.
2 बाइक पर आए थे चार अपराधी
स्थानीय लोगों के अनुसार 4 अपराधियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है. अपराधी 2 बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे. मिश्रा बागान में जिस जमीन पर नया घर बन रहा है उसी घर के बाहर अपराधियों न फायरिंग की. स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाशों ने किसी को डराने के उद्वेश्य से तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग की. गोलियों की लगातार आवाज सुन स्थानीय लोग सहम गए. जहां घटना हुई वहां एक क्षेत्रीय पार्टी का कार्यालय भी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.