✕
  • News Update
  • Trending
  • Jharkhand
  • Bihar
  • Politics
  • Business
  • Sports
  • National
  • Crime Post
  • Life Style
  • Health Post
  • Foodly Post
  • TNP Special Stories
  • Big Stories
  • Know your Neta ji
  • Entertainment
  • Know Your MLA
  • Art & Culture
  • Tour & Travel
  • Local News
  • Special Stories
  • TNP Photo
  • Techno Post
  • covid -19
  • LS Election 2024
  • TNP Explainer
  • International
  • Blogs
  • Education & Job
  • Special Story
  • Religion
  • Top News
  • Latest News
  • Lok Sabha Chunav 2024
  • YouTube
☰
  1. Home
  2. /
  3. News Update

निकाय चुनाव: कल होगी वोटों की गिनती, मतगणना केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

BY -
Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor • TheNewsPost.in
PublishedAt: February 26, 2026, 5:42:24 PM

रांची(RANCHI): झारखंड नगर निकाय चुनाव के परिणाम 27 फरवरी को घोषित किए जाएंगे. मतगणना को लेकर राज्यभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं, खासकर उन इलाकों में जहां मतदान के दौरान हिंसक घटनाएं सामने आई थीं. प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि मतगणना और उसके बाद की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए.

इस बार मतदान बैलेट पेपर से हुआ है, इसलिए वोटों की गिनती में अपेक्षाकृत अधिक समय लगने की संभावना है. इसी को ध्यान में रखते हुए मतगणना केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. झारखंड पुलिस के आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता डॉ. माइकल राज ने बताया कि मतदान के समय ही सभी जिलों को अतिरिक्त फोर्स उपलब्ध करा दिया गया था. अब उन्हीं बलों को मतगणना केंद्रों पर तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके.

मतदान के दौरान गिरिडीह, जमशेदपुर और धनबाद जैसे शहरों में हिंसा की घटनाएं हुई थीं. गिरिडीह में दो गुटों के बीच झड़प के दौरान गोलीबारी भी हुई थी. इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया गया है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.

निकाय चुनाव लंबे इंतजार के बाद संपन्न हुए हैं. मेयर और पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए 27 फरवरी का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी. राजधानी रांची में ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं. यहां बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहेंगे.

अक्सर हार-जीत का अंतर कम होने पर मतगणना केंद्रों पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इसे ध्यान में रखते हुए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को विशेष रूप से तैनात किया गया है. इसके अलावा, विजय जुलूस निकालने को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. जो भी जुलूस निकलेगा, वह पुलिस की निगरानी में ही निकलेगा. बिना अनुमति किसी भी तरह की रैली या जश्न की इजाजत नहीं होगी.

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विजय जुलूस के दौरान हर्ष फायरिंग की किसी भी घटना को सख्ती से रोका जाए. यदि कोई व्यक्ति ऐसा करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए हथियार जब्त किए जाएं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.

रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के लिए 23 फरवरी को मतदान हुआ था, जिसकी गिनती 27 फरवरी को की जाएगी. मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रशासनिक टास्क फोर्स सक्रिय कर दी गई है. ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मतगणना स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. प्रवेश द्वार पर कड़ी जांच की व्यवस्था है और अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.

केवल अधिकृत अभ्यर्थी, उनके मतगणना एजेंट और अधिकृत कर्मियों को ही मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. बैलट बॉक्स की सुरक्षित हैंडलिंग, प्रत्येक टेबल पर निगरानी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी. किसी भी तरह की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है.

मतगणना स्थल के बाहर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई है. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि रात 8 बजे तक मतगणना पूरी नहीं हो पाती है, तो शेष मतों की गिनती अगले दिन जारी रहेगी. इस दौरान बैलट बॉक्सों को सुरक्षित रखने के लिए पूरे परिसर को सील कर पुलिस सुरक्षा में रखा जाएगा.

इसके अलावा, मतगणना केंद्रों पर प्रकाश, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

किसी भी शंका या शिकायत के लिए अबुआ साथी  हेल्पलाइन नंबर 9430328080 जारी किया गया है. प्रशासन का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि जनता का भरोसा लोकतांत्रिक व्यवस्था पर कायम रहे.

Tags:municipal election resultscounting27 FebruaryResultExtensive security across the statejharkhandranchiAdministrationnewsupdareupdate

© Copyrights 2023 CH9 Internet Media Pvt. Ltd. All rights reserved.