जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में एक कंटेनर चालक की कंटेनर में ही फंदे से लटकता शव मिला है. उसके द्वारा आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. एमजीएम थाना क्षेत्र के बेताकोचा स्थित एक औद्योगिक परिसर के बाहर खड़े कंटेनर में चालक का शव रस्सी के सहारे लटका मिला. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की नजर कंटेनर के अंदर पड़ी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को फंदे से उतरा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पहचान हवा सिंह यादव के रूप में हुई. कंटेनर से बरामद दस्तावेजों के अनुसार वह राजस्थान के अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र स्थित बालूबास गांव का रहने वाला था. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस को कंटेनर के अंदर से उसका आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस मिला है.
मोबाइल व हेडफोन भी मिला
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से मोबाइल फोन और हेडफोन भी मिला है. आशंका जताई जा रही है कि मृतक देर रात किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था. बातचीत के दौरान किसी निजी तनाव, विवाद या मानसिक दबाव में आकर उसने आत्महत्या की. उसका शव कंटेनर के ऊपर लगे लोहे के पाइप में रस्सी से लटकता मिला. शव को शीतगृह में रखवा दिया गया है. पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है. परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया होगी. वहीं, परिजनों के आने से ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लग पाएगा.
शहर में लगातार लोग लगा रहे फांसी
जानकारी हो कि जमशेदपुर सुसाइड का हॉट स्पॉट बनता जा रहा है. हर दिन लगभग एक व्यक्ति फांसी लगा आत्महत्या कर रहा है. शहर में लगातार बढ़ते आत्महत्या के मामले चिंता का विषय बनते जा रहे है. तनाव, पारिवारिक विवाद, प्रेम प्रसंग में लोग आत्महत्या कर रहे हैं.