जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर गुरुवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हुई हिंसा और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला फूंका. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस समर्थक शामिल हुए. कांग्रेस नेताओं का कहना था कि पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद भी हिंसा, आगजनी और राजनीतिक प्रताड़ना की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. आरोप लगाया कि देश में राजनीतिक तनाव और भय का माहौल बनाया जा रहा है, जिसका असर आम लोगों की सुरक्षा और शांति पर पड़ रहा है.
बंगाल के लोगों में है असुरक्षा का माहौल
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही कांग्रेस नेत्री मनजीत आनंद ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और डर का कोई स्थान नहीं होना चाहिए. अगर चुनाव खत्म होने के बाद भी लोग असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं, तो यह सरकारों की विफलता को दर्शाता है. उन्होंने केंद्र सरकार से पश्चिम बंगाल की स्थिति को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते रहे. इसके कारण साकची गोलचक्कर पर कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल गरमा गया. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी.
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पश्चिम बंगाल में हिंसा की घटनाओं पर रोक नहीं लगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी.