जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): रेल व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. जिला कांग्रेस सहकारिता विभाग के अध्यक्ष चिन्ना राव के नेतृत्व में साकची स्थित जेएनएसी गोलचक्कर के पास एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपनी नाराजगी जताई. धरना में शामिल कांग्रेस नेता विजय यादव ने रेलवे की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चांडिल से टाटानगर के बीच की कम दूरी तय करने में ट्रेनों को करीब 4 घंटे लग रहे है, जबकि सामान्य परिस्थितियों में यह सफर महज आधे घंटे में पूरा हो सकता है. कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि कई ट्रेनों की लेटलतीफी अब आम बात हो गई है. रेलवे मालगाड़ियों को प्राथमिकता दे रहा है.
रेलवे कर रहा लापरवाही
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे की लापरवाही का सीधा असर आम लोगों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है. नौकरीपेशा लोगों और छात्रों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हो रही है. यात्रियों के जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. कांग्रेसियों ने मांग की कि ट्रेनों के समय में सुधार किया जाए, परिचालन व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
कई ट्रेनें हो रही प्रभावित
चांडिल तक सभी लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें समय पर पहुंच रही है. लेकिन चांडिल के बाद यात्री ट्रेनों की स्थिति मालगाड़ियों से भी बदतर हो जा रही है. कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस, धनबाद झाड़ग्राम मेमू एक्सप्रेस, इस्पात एक्सप्रेस, कुर्ला एक्सप्रेस, जन शताब्दी एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनों की यही स्थिति है. ट्रेनों को चांडिल, गम्हरिया, आदित्यपुर समेत विभिन्न स्टेशनों पर घंटों खड़ा कर दिया जाता है. इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
रिपोर्ट-रोहित सिंह