रांची( RANCHI): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे प्रमुख त्योहारों को लेकर राज्य में कानून-व्यवस्था की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की. उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, सफाई, बिजली-पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा कि सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होने चाहिए. उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी भी स्थिति में हिंसा या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का पहले से निरीक्षण कर वहां पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा उपकरण तैनात करने को कहा गया. साथ ही खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी समय पर मिल सके.
मुख्यमंत्री ने शोभायात्राओं और जुलूसों के दौरान भड़काऊ गानों पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया और प्रशासन को पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर इसे लागू करने को कहा. इसके अलावा, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा. जुलूस मार्गों पर सेफ जोन बनाने, जहां जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा सके, के भी निर्देश दिए गए. साथ ही सभी गतिविधियों का रिकॉर्ड रखने को कहा गया, ताकि भविष्य में और बेहतर योजना बनाई जा सके.