रांची (RANCHI): रामनवमी के पावन अवसर पर राजधानी रांची पूरी तरह भक्ति और आस्था में डूबी नजर आई. इस खास मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी भगवान राम के दरबार में पहुंचे और तपोवन मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं. उनके मंदिर पहुंचने के दौरान सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. वहीं इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.
इधर शुक्रवार सुबह होते ही शहर के प्रमुख मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. चारों ओर “जय श्रीराम” के गूंजते जयकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया. सुबह से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां श्रद्धालु शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते हुए भगवान श्रीराम और बजरंगबली की पूजा-अर्चना करते नजर आए.
रामनवमी के इस अवसर पर शहर में परंपराओं का विशेष महत्व भी देखने को मिल रहा है. देर शाम से लेकर रात तक विभिन्न अखाड़ों के दल अपने-अपने ध्वज और पारंपरिक अंदाज के साथ तपोवन मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे. यहां पहुंचकर पताकाओं का मिलन होगा और पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो इस पर्व का मुख्य आकर्षण माना जाता है. इस भव्य आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों और मंदिर परिसर के आसपास जुटते हैं. पूरे शहर में उत्सव का माहौल है, जहां श्रद्धा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है.