धनबाद(DHANBAD):धनबाद नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई है. इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी ने मेयर और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपने समर्थित उम्मीदवार की घोषणा की है. गुरुवार को जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर धनबाद मेयर पद के लिए शमशेर आलम और चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए मालती देवी को पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित किया.
कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर रही है
प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बार नगर निकाय चुनाव पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर रही है उन्होंने बताया कि संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया गया है और जनता के बीच जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा.वहीं कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी शमशेर आलम ने कहा कि पिछले नगर निकाय चुनाव में भी उन्हें जनता का अच्छा समर्थन मिला था और वे 50 हजार से अधिक वोट हासिल करने में सफल रहे थे। इस बार जनता का रुझान और अधिक सकारात्मक है.
कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आ रही है
जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि पार्टी स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ेगी. शहर की सफाई, जल निकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.पार्टी नेताओं का कहना है कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में सामने आ रही है.नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद धनबाद की सियासत और गर्म हो गई है. आने वाले दिनों में सभी दलों के बीच चुनाव प्रचार तेज होने के साथ मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
