दुमका (DUMKA): झारखंड प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले दुमका नगर परिषद के सफाई कर्मी बुधवार को 6 सूत्री मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए. संघ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार और जिला सचिव संजीव कुमार राम उर्फ दानू के नेतृत्व में नगर परिषद के सफाई कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय के प्रांगण में धरना पर बैठे.
प्रशासन की ढुलमुल नीति
धरना को संबोधित करते हुए संघ के जिला अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि सफाई कर्मियों की 6 सूत्री मांग है. नगर परिषद प्रशासन की ढुलमुल नीति के कारण सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं. जिला सचिव संजीव कुमार राम ने कहा कि सफाई कर्मियों की डिमांड जब तक पूरी नहीं होगी हड़ताल जारी रहेगी.
सफाई कर्मियों की मांग
सफाई कर्मियों की मांग है कि एरियर का भुगतान दुर्गा पूजा से पहले किया जाए. सभी सफाई कर्मी जैसे दैनिक अनुबंध, मास्टर रोल, वार्ड जमीदार, बिजली मिस्त्री, ट्रैक्टर चालक, चतुर्थ वर्गीय कार्यालय कर्मी का मानदेय महीने के 5 तारीख तक कर दिया जाए. वार्ड में कार्यरत सफाई कर्मियों जो मास्टर रोल में हाजिरी बना रहे हैं ऐसे सभी कर्मियों का हाजरी नगर परिषद कार्यालय से बनाया जाए और दैनिक सफाई कर्मी के रूप में बहाल किया जाए. सभी सफाई कर्मी जीपीएफ काटा जाए. श्रम नियोजन विभाग की ओर से वर्ष 2021 का न्यूनतम मजदूरी के दर पर सफाई कर्मियों का मानदेय भुगतान किया जाए. और सेवा नियमित सफाई कर्मियों का बकाया राशि दुर्गा पूजा से पहले दिया जाए.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
