पलामू (PALAMU): जिले कर चियांकी स्थित हवाई अड्डा को लेकर एक बार फिर मामला लोकसभा में जोर-शोर से उठाया गया है. पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम लगातार इस मुद्दे को लेकर सक्रिय रहे हैं और एक बार फिर उन्होंने लोकसभा के शून्यकाल के दौरान केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत चियांकी एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने की मांग को रखा है.
सांसद ने सदन में कहा कि उड़ान योजना का उद्देश्य देश के दूरदराज और पिछड़े इलाकों को हवाई सेवाओं से जोड़ना और संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देना है. ऐसे में पलामू स्थित चियांकी हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू होना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि इससे न सिर्फ क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी.
विष्णु दयाल राम ने यह भी कहा कि इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए राज्य सरकार की ओर से एक विशेष प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाना आवश्यक है, लेकिन अब तक ऐसा नहीं किया गया है. इस कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है.
उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय से यह स्पष्ट करने का आग्रह किया कि चियांकी एयरपोर्ट के लिए किस प्रकार के प्रस्ताव की जरूरत है और उसमें किन-किन बिंदुओं का उल्लेख होना चाहिए. साथ ही उन्होंने मंत्रालय से संबंधित पत्र की प्रति उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वे इस विषय पर राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों से प्रभावी तरीके से बात कर सकें. सांसद के इस प्रयास से एक बार फिर चियांकी एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने की उम्मीदें तेज हो गई हैं.