पलामू (PALAMU): जिले में साइबर ठगों का नया खेल सामने आया है. जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम और पद का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों से पैसों की मांग की जा रही है. मामले के सामने आते ही जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.
जानकारी के अनुसार, जालसाजों ने इंस्टाग्राम पर “IAS Dilip Pratap Singh Shekhawat” नाम से एक फर्जी प्रोफाइल तैयार किया है. इस अकाउंट के जरिए प्रशासनिक अधिकारियों और आम लोगों को संदिग्ध मैसेज भेजे जा रहे हैं. शिकायत मिली है कि कुछ लोगों से आर्थिक मदद और पैसों की मांग भी की गई है.
मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया और लोगों को अलर्ट जारी किया गया. प्रशासन ने साफ कहा है कि उपायुक्त या कोई भी वरिष्ठ अधिकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए कभी पैसे नहीं मांगते हैं. ऐसे में किसी भी संदिग्ध मैसेज, कॉल या सोशल मीडिया अकाउंट पर भरोसा करने से बचें.
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश की पहले पुष्टि करें. साथ ही किसी अनजान अकाउंट के साथ अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स या आर्थिक जानकारी साझा न करें. जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को इस तरह का कोई मैसेज मिलता है, तो तुरंत संबंधित कार्यालय या पुलिस को इसकी जानकारी दें, ताकि साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके.