टीएनपी डेस्क(TNP DESK): कैश कांड के आरोपी झारखंड कांग्रेस के तीनों विधायकों इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी को जमानत मिल गई है. कोलकाता हाई कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी. तीनों विधायको के साथ इस मामले में आरोपी दो और लोगों को भी कोर्ट ने जमानत दी. कोर्ट ने इस दौरान कहा कि इन तीनों को अपने पासपोर्ट जमा करने होंगे. साथ ही इन तीनों को 3 महीने तक कोलकाता में ही रहना होगा.
बता दें कि 30 जुलाई विधायक की गाड़ी से 48 लाख रुपये बरामद हुए थे. जिसके दूसरे दिन झारखंड के बेरमो विधायक अनूप सिंह ने तीनों विधायकों पर सरकार को अस्थिर करने का मामला दर्ज कराया था. इस मामले में बंगाल सीआईडी की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है. चार अगस्त को हुई सुनवाई में तीनों विधायकों ने इस केस में सीबीआई जांच की मांग की थी. लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया था.
48 लाख रुपए के साथ तीनों विधायकों को किया गया था गिरफ्तार
30 जुलाई कि शाम रानीहाटी के पास हावड़ा ग्रामीण पुलिस ने तीनों विधायक को गिरफ्तार किया था. तीनों विधायक एक गाड़ी में सवार थे. गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 48 लाख रुपये बरामद किया गया था. जिसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया था. कोर्ट ने इस मामले की जांच बंगाल सीआईडी को सौपी. बंगाल सीआईडी की टीम इस मामले में दिल्ली, असम और झारखंड में भी छापेमारी कर चुकी है. बता दें कि विधायकों के गाड़ी से कैश बरामद होने के दूसरे दिन 31 जुलाई को बेरमो विधायक अनूप सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाना में तीनों विधायकों के खिलाफ सरकार को अस्थिर करने का मामला दर्ज कराया था.
