देवघर (DEOGHAR): जिले में नशे के कारोबार पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है. इसी कड़ी में मोहनपुर थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवघर और दुमका से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है. पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी संगठित तरीके से कई जिलों में नशे का कारोबार चला रहे थे.
जानकारी के अनुसार मोहनपुर थाना क्षेत्र इन दिनों नशा कारोबारियों का सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है. खासकर ब्राउन शुगर की तस्करी तेजी से बढ़ रही है. इससे पहले भी इसी इलाके से 102 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई थी. अब एक बार फिर पुलिस ने कार्रवाई कर अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है. देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने दहीजोर-लेटवावरण सड़क स्थित तोरहा मोड़ के पास छापेमारी अभियान चलाया. इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा, जो कथित तौर पर ग्राहकों को ब्राउन शुगर बेचने के इंतजार में वहां मौजूद था.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम महथा उर्फ गौतम चौधरी (26 वर्ष) के रूप में हुई है. वह नगर थाना क्षेत्र के बरमसिया स्कूल रोड का रहने वाला बताया गया है. तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 8.43 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह नशीला पदार्थ दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र स्थित सिंघनी गांव निवासी फिरोज अंसारी से खरीदता था. गौतम की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फिरोज अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड के अलग-अलग जिलों में संगठित नेटवर्क के जरिए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते थे.
पुलिस ने इस मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 77/26 के तहत बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. वहीं पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गौतम महथा के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में नशा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा