चतरा (CHATRA): जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक का शव उसके ही बड़े भाई के कमरे से संदिग्ध हालत में बरामद किया गया. घटना इटखोरी थाना क्षेत्र के पकरिया कला गांव की है, जहां 32 वर्षीय संतोष भुइयां की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका से मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है. गुरुवार सुबह जब संतोष का बड़ा भाई टिंकू भुइयां काम पर जाने के लिए अपने कमरे में पहुंचा, तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए. कमरे के अंदर बिस्तर पर संतोष की खून से लथपथ लाश पड़ी थी. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मृतक के बड़े भाई टिंकू भुइयां, उसकी पत्नी अंजू देवी और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने जो बातें निकलकर आई हैं, उन्होंने पूरे मामले को और उलझा दिया है. ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृतक संतोष भुइयां का अपनी ही भाभी अंजू देवी के साथ कथित प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि इस रिश्ते को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद और तनाव चल रहा था. कई बार घर में झगड़ा और मारपीट की नौबत भी आ चुकी थी. पुलिस को शक है कि घरेलू विवाद और कथित प्रेम प्रसंग ही इस हत्या की वजह बन सकते हैं. हालांकि अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक के बड़े भाई टिंकू भुइयां ने अपनी पत्नी अंजू देवी पर ही संतोष की हत्या कराने का आरोप लगाया है. वहीं अंजू देवी ने खुद पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही इस रहस्यमयी मौत का सच सामने आ पाएगा.