सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां-कुचाई मार्ग में भीषण सड़क हादसा हुआ है जहां एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो चुकी है, तो वही एक की हालत गंभीर है. इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया है. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए.घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सड़क पर बिखरा खून और क्षतिग्रस्त बाइक दुर्घटना की भयावहता को बयां कर रही थी.
बाईक सवार की मौत, एक की हालात नाजुक
घटना खरसावां-कुचाई मुख्य मार्ग के देहरूडीह गांव के समीप हुई है. मृतक की पहचान सरायकेला थाना क्षेत्र के बुडियाडीह गांव निवासी आकाश जामुदा (19 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक की पहचान विष्णु सोय (18) के रूप में की गई है. ग्रामीणों और परिवार के लोगो ने बताया कि दोनों युवक आपस में गहरे मित्र थे और अक्सर साथ रहते थे. दोनों बाइक पर सवार होकर कुचाई गए थे.कुचाई से घर लौटने के दौरान खरसावां-कुचाई मुख्य मार्ग के देहरूडीह गांव के मडवाडी तलाब के समीप एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे घटनास्थल पर ही आकाश जामुदा की मौत हो गई.जबकि विष्णु सोय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से आनन-फानन में आकाश जामुदा उठाकर सदर अस्पताल सरायकेला एंबुलेंस से भेज दिया गया जबकि विष्णु सोय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां लाया गया.घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर की देखरेख में उसका सघन उपचार जारी है. बेहतर इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया.घटना ट्रैक्टर की टक्कर से हुई या बाइक स्वर स्वयं दुर्घटनाग्रस्त हुआ. इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है.फिलहाल पुलिस मामले के जांच में जुटी है.
रिपोर्ट-वीरेंद्र मंडल