साहिबगंज (SAHIBGANJ): जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक संगठित लूट की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी. डेढ़गामा गांव के समीप मुख्य मार्ग पर नकाबपोश अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी गौतम स्वर्णकार को निशाना बनाया. जानकारी के अनुसार, वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी सुनसान सड़क का फायदा उठाकर पहले से घात लगाए चार-पांच अपराधियों ने उन्हें घेर लिया. सभी अपराधियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे.
घटना के दौरान अपराधियों ने व्यवसायी पर देशी कट्टा के बट से हमला किया और उन्हें घायल कर दिया. इसके बाद अपराधियों ने उनके पास मौजूद करीब 80 हजार रुपये नगद, आधा किलो चांदी और दो भरी सोने की ज्वेलरी लूट ली. साथ ही बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने इलाके में दो राउंड फायरिंग कर दहशत फैलायी और फरार हो गए.
घायल व्यवसायी को स्थानीय लोगों ने तुरंत राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया. अधिकारियों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.
पुलिस ने बताया कि लूट की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन और एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की पहचान के लिए गहन जांच जारी है. अब तक तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से इस तरह की वारदातों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द ही पूरा खुलासा कर दिया जाएगा और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. राजमहल क्षेत्र में हुई इस लूट ने एक बार फिर व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है.
रिपोर्ट: साहिबगंज ब्यूरो