दुमका(DUMKA):जिला के शिकारीपाड़ा थाना के मुख्य बाजार में रविवार रात उस समय अफरा तफरी मच गई, जब तीन हथियारबंद अपराधियों ने एक आभूषण व्यवसायी से लूट का प्रयास किया.विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए.घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन गोली पास से गुजरने के कारण एक दुकानदार बाल बाल बच गया.
आभूषण से भरा बैग छीनने की कोशिश
जानकारी के अनुसार शिकारीपाड़ा चौक स्थित आभूषण व्यवसायी संतोष वर्मा रविवार रात दुकान बंद कर अपने घर कुम्हारपाड़ा मोहल्ला लौट रहे थे. इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सवार तीन अपराधी उनके पास पहुंचे और आभूषण से भरा बैग छीनने का प्रयास करने लगे.
व्यवसायी ने दिखाई हिम्मत, मचाया शोर
अचानक हुए हमले के बावजूद संतोष वर्मा ने साहस दिखाते हुए बैग नहीं छोड़ा और शोर मचाने लगे.आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग स्थल की ओर दौड़ पड़े. लोगों को जुटता देख अपराधी घबरा गए
खुद को घिरता देख अपराधियों ने की फायरिंग
स्थानीय लोगों की भीड़ बढ़ती देख अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग कर दी.अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली बगल में मौजूद दुकानदार के बेहद करीब से गुजर गई, जिससे वह बाल बाल बच गया. गोलीबारी के बाद तीनों अपराधी मौके से फरार हो गए.
घटनास्थल से मिला खोखा और जिंदा कारतूस
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार लकड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है.विशेष रूप से समीप स्थित दुर्गा मंदिर के कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके.
घटना के बाद बाजार में दहशत का माहौल
मुख्य बाजार में हुई इस वारदात के बाद व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है.व्यापारियों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.