गढ़वा (GARHWA): जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. नगर उंटारी–भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर दहेड़िया गांव के पास तेज रफ्तार मैजिक और टेम्पो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग डेढ़ दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
केतार थाना क्षेत्र के छताकुंड़ गांव से कुछ लोग टेम्पो में सवार होकर नगर उंटारी के कुंबा गांव में आयोजित छेका कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे. जैसे ही वाहन दहेड़िया गांव के पास पहुंचा, सामने से तेज गति में आ रही मैजिक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों वाहनों के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, स्थानीय भाजपा नेता कन्हैया चौबे सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा गया.
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद और थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार भी अस्पताल पहुंचे और राहत कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई. गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत कुमार गुप्ता, बिट्टू सिंह, संतोष चेरो, अवधेश उरांव, लालमोहन यादव, मुनिका कुमार, कमलेश यादव और अजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
इसके अलावा लवकुश कुमार, टिंकू उरांव, अजय कुमार उरांव, आमोद सिंह, दीपक कुमार सहित कई अन्य लोग भी इस हादसे में घायल हुए हैं. इनमें नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कोलझिकी गांव के अंकुश कुमार और उत्तर प्रदेश के कोण मंडरा गांव के शिव कुमार उरांव भी शामिल हैं.
बताया जा रहा है कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, जो 14 मई को होने वाला था. लेकिन इस दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को गहरे शोक में बदल दिया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार