धनबाद(DHNABAD): जिलें के मुनीडीह स्थित कोल वाशरी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. काम के दौरान अचानक मलबा ढह गया, जिसमें कई मजदूर दब गए. इस हादसे ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बीसीसीएल की कोल वाशरी में स्लरी लोडिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक मलबे का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा. वहां काम कर रहे दिहाड़ी मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे मलबे के नीचे दब गए.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और इसकी सूचना प्रशासन को दी गई. राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में जुट गई. इस हादसे में चार मजदूरों के दबने की आशंका जताई गई थी. अब तक तीन मजदूरों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है. प्रशासन लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है.
इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर काम के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.