धनबाद(DHANBAD): झरिया थाना क्षेत्र के चौथाई कुल्ली इलाके में अचानक हुए भू-धंसान ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है. इस घटना में एक घर पूरी तरह जमीन में धंसकर नष्ट हो गया, जबकि आसपास के कई घरों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. दर्जनों मकानों की दीवारों और जमीन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, वहीं कुछ घरों क्षतिग्रस्त हो गई हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोग दहशत में आ गए हैं. खतरे को देखते हुए कई परिवारों ने तुरंत अपने घरों से जरूरी सामान बाहर निकाल लिया और सुरक्षित स्थानों पर शरण ले ली. लोग अपने घरों के बाहर खुले में बैठने को मजबूर हैं और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से डरे हुए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार नुकसान ज्यादा हुआ है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग की है. फिलहाल स्थिति को देखते हुए लोग लगातार भय के साये में जी रहे हैं और किसी बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है.