रांची (RANCHI): राजधानी के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में एक बी-फार्मा छात्र की आत्महत्या ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. 22 वर्षीय अनीश हजाम ने कथित तौर पर अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस प्रेम प्रसंग और मानसिक तनाव के एंगल से मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार अनीश पुरूलिया रोड स्थित राम मंदिर के पास किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई करता था. वह पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए नजदीक के बसेरा मेडिकल हॉल में पार्ट टाइम सेल्समैन की नौकरी भी करता था. मंगलवार को उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए RIMS भेज दिया.
बताया जा रहा है कि अनीश मूल रूप से पतरातू के बासल थाना क्षेत्र के हीरापुर मोहल्ले का रहने वाला था. उसके पिता खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.
जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक कॉपी बरामद हुई है, जिसमें अनीश अपनी दिनचर्या और निजी भावनाएं लिखा करता था. उसी कॉपी में एक युवती का कई बार जिक्र मिला है. पुलिस को युवती से बातचीत और उससे जुड़े भावनात्मक अंश भी मिले हैं. शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि छात्र काफी समय से मानसिक तनाव में था.
लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि मौके से कोई अलग सुसाइड नोट नहीं मिला है. हालांकि, डायरी में लिखी बातों से यह संकेत जरूर मिला है कि छात्र किसी रिश्ते को लेकर मानसिक रूप से परेशान था. पुलिस का मानना है कि इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया होगा. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.