गिरिडीह (GIRIDIH): नगर थाना क्षेत्र के सरिसिया-सिहोडीह पुराने पुल के नीचे बुधवार को एक किशोरी का शव पानी में तैरता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सुबह लोगों की नजर जैसे ही पानी में तैर रहे शव पर पड़ी, पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद गिरीडीह नगर पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतका की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरिसिया निवासी योगेश दास की 17 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि पायल पिछले दो दिनों से लापता थी. परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे और रिश्तेदारों सहित कई जगहों पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था. शुक्रवार को शव मिलने की सूचना के बाद परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान की.
परिवार वालों के मुताबिक, घर से निकलने के बाद पायल की आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी. उस दौरान उसने कहा था कि वह “10 मिनट में घर पहुंच रही हूं.” लेकिन इसके कुछ देर बाद ही उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. इसके बाद परिवार को किसी तरह की जानकारी नहीं मिल सकी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, आखिरी लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. फिलहाल किशोरी की मौत कैसे हुई, यह साफ नहीं हो पाया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं.