रांची (RANCHI):11 अप्रैल को रांची में बीजेपी पार्टी हेमंत सरकार के खिलाफ ‘हेमंत हटाओ,झारखंड बचाओं’ के तहत सचिवालय का घेराव करेगी. जिसको लेकर शहर की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है. पूरे शहर के चौक चौराहों पर 1500 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है. इसके साथ ही सचिवालय के आस-पास के ईलाकों में धारा 144 लगाई गई है. आपको बता दें कि प्रोजेक्ट भवन के 200 मीटर के दायरे में आनेवाली जगहों पर 11 अप्रैल यानी मंगलवार की सुबह 8 बजे से रात्रि के 11:30 बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी. शालीमार बाजार से आगे की तरफ धुर्वा की ओर गाड़ी ले जाने पर भी प्रतिबंध लगाया है.
सीसीटीवी कैमरों से हालातों पर निगरानी
पुलिस जवानों के साथ ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों से पूरे हालातों पर निगरानी रखी जायेगी. इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान यदि किसी प्रकार की कोई हिंसा या हंगामा होता है. तो उससे निपटने के लिए प्रशासन की ओर से पूरी व्यवस्था की गई है. जिला प्रशासन हिंसा करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई करेगा. किसी को बख्शा नहीं जायेगा.
सुरक्षा के लिहाज से इन दिशा-निर्देशों का पालन
जिला प्रशासन की ओर से आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन की व्यवस्था की गई है. लाठी पार्टी सशस्त्र बलों की भारी संख्या में तैनाती की गई है. भीड़ को धुर्वा गोलचक्कर से पहले ही रोकना प्रशासन की प्राथमिकता. जगह-जगह पर सड़क को कवर करनेवाली बेरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही रांची के विभिन्न जगहों पर बस या अन्य वाहनों की गहनता से जांच की जायेगी. इसके साथ ही शहर के स्कूली बसों को राजनीतिक कार्यों में इस्तेमाल नहीं करना है. साथ ही झारखंड के अलग-अलग जिलों से ट्रेन से आनेवालों लोगों की टिकट की जांच की जायेगी. कुल मिलाकर कहें तो जिला प्रशासन हर तरह की परिस्थिति से निपटने को तैयार है. और सुरक्षा में किसी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरती जायेगी. पुलिस मुख्यालय से रांची को आज भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 2000 अतिरिक्त जवान दिये गये हैं.
रिपोर्ट: प्रियंका कुमारी