धनबाद(DHANBAD) | एक नाटकीय घटनाक्रम में चिरकुंडा नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनीता देवी के आवास पर शनिवार की शाम भाजपा की टीम पहुंची। सूत्र बता रहे हैं कि यह सब प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर हुआ है. हालांकि इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा है. जानकारी के अनुसार उनके आवास पर पहुंचकर भाजपा नेताओं ने भगवा पट्टा पहनाया, फिर पार्टी का झंडा उन्हें दिया। सूत्र दावा कर रहे हैं कि चुनाव परिणाम घोषित होने के कुछ ही घंटे बाद से प्रदेश नेतृत्व सुनीता देवी को अपने पाले में करने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया था.
वह बागी बनकर चुनाव मैदान में उतरी थी और चुनाव जीतकर भाजपा को आश्चर्य में डाल दिया था. सूत्रों के अनुसार शनिवार को ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार, पूर्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, चिरकुंडा मंडल अध्यक्ष सहित अन्य उनके घर पर पहुंचे। नेताओं ने कहा कि सुनीता देवी भाजपा परिवार की ही है और चिरकुंडा की जनता ने इन पर भरोसा किया है. वैसे सुनीता देवी ने भी भाजपा के इस ऑफर को स्वीकार कर लिया और कहा कि भाजपा ही मेरा परिवार था और आगे भी रहेगा।
सुनीता देवी भाजपा से बागी होकर मैदान में उतरी, तो जनता ने उन्हें हाथों-हाथ ले लिया। चिरकुंडा नगर परिषद की जनता ने तीन बार की पार्षद रही सुनीता देवी को जीत दिला दी. वह भाजपा से बागी होकर चुनाव मैदान में उतरी थी. सुनीता देवी ने भकपा माले समर्थित उम्मीदवार शुक्ला राय को 1059 वोटो से पराजित किया। सुनीता देवी को 4557 वोट मिले तो शुक्ला राय को 3498 मत प्राप्त हुए. सबसे आश्चर्यजनक बात है कि दो बार नगर परिषद अध्यक्ष रहे डब्लू बाउरी की पत्नी बरनाली बाउरी 3232 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रही. बरनाली बाउरी को भाजपा का समर्थन था.
उल्लेखनीय है कि चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर सुनीता देवी 4557 मत प्राप्त कर विजय घोषित हुई हैं. चिरकुंडा नगर परिषद के पद के लिए 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे. जिसमें नेहा झा को 673, प्रिया सिंह को 475, बरनाली बाउरी को 3232, मंजू देवी को 600, मंजू बाउरी को 834, मालती देवी को 544, मीना देवी को 795, रिंकी खान को 1470, शाहिना प्रवीन को 2643, शुक्ला राय को 3498, सरिता देवी को 421, सुनीता सिंह को 1111 एवं विजेता सुनीता देवी को 4557 मत प्राप्त हुए. मतगणना के दौरान 22545 मतों की गिनती की गई, जिसमें 20853 मत सही पाए गए एवं 1692 मत अमान्य पाए गए.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
