धनबाद(DHANBAD):धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बस्ताकोला माइंस रेस्क्यू स्टेशन के समीप रविवार को एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई.आग इतनी तेजी से फैली कि नीचे तल्ले में बने सोफा गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई.
मकान मालिक राजू अग्रवाल गंभीर रूप से झुलसे
बताया जा रहा है कि सिलेंडर में विस्फोट होने के कारण यह घटना घटी. घटना में मकान मालिक राजू अग्रवाल गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति के भी झुलसने की बात कही जा रही है.वहीं आग की चपेट में आने से एक मवेशी के भी झुलसने की सूचना है. घटना स्थल से कुछ ही कदम की दूरी पर इंडियन रसोई गैस की एजेंसी और उसका गोदाम भी मौजूद है, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका
वहीं, सूचना मिलते ही माइंस रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. साथ ही घटना की सूचना पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
