दुमका(DUMKA): जिला के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सिमुलती गांव के समीप ट्रक और बाइक में टक्कर हो गई. इस घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए. एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए दुमका के फूलोझानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया, जिसमें एक महिला और एक पुरुष है. जबकि एक पुरुष गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.
मृतक और घायलों की नही हो पाई है पहचान
मृतक तथा घायल की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक के चालक और खलासी के साथ बेरहमी से मारपीट की. चालक को खंभे में बांधकर पीटा गया. वहीं खलासी को पीट-पीटकर बेहोश कर दिया गया. सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से चालक और खलासी को मुक्त करा कर अपने कब्जे में लिया. घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने दुमका रामपुरहाट मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है. शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी संजय सुमन ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि जाम को हटाने का प्रयास जारी है. मृतक और घायल की पहचान नहीं हो पाई है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका