देवघर (DEOGHAR): बंगाल चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद वहां के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सोमवार को देवघर पहुंचे. उनके साथ गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी मौजूद रहे.दोनों नेताओं के देवघर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया.
बाबा के दरबार में टेका माथा
देवघर पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और सांसद निशिकांत दुबे सबसे पहले मधुपुर स्थित कपिल मठ पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु का आशीर्वाद लिया. इसके बाद दोनों नेता सत्संग आश्रम गए और वहां आचार्य से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया.इसके बाद दोनों नेता देवघर स्थित पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग वैद्यनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की.मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे. नेताओं के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.
भाजपा नेताओं और समर्थकों की भारी भीड़
माना जा रहा है कि बंगाल चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी सफलता के बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने देवघर पहुंचे थे. हालांकि इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से परहेज किया और किसी भी राजनीतिक सवाल का जवाब नहीं दिया.देवघर दौरे के दौरान भाजपा नेताओं और समर्थकों की भारी भीड़ दोनों नेताओं के साथ मौजूद रही.
रिपोर्ट-रितुराज सिन्हा