धनबाद(DHANBAD): विधानसभा का चुनाव तो पांच राज्यों में हो रहे है, लेकिन सबसे अधिक चर्चा पश्चिम बंगाल की है. आखिर हो भी क्यों नहीं, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है, तो भाजपा भी अपने अस्तित्व को बंगाल में बचाने के लिए सब कुछ करने को तैयार है. लड़ाई तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच है. कांग्रेस और बाम दल किनारे लग गए है, वार पर पलटवार किया जा रहा है. भाजपा की ओर से ममता दीदी को निशाने पर लिया जा रहा है, तो ममता दीदी भी लड़ाकू महिला है. वह भी ईंट का जवाब पत्थर से दे रही हैं. 2026 का चुनाव में कभी ममता के सहयोगी रहे सुबेंदु अधिकारी के लिए भी महत्वपूर्ण है. वह बंगाल में नेता प्रतिपक्ष हैं. इस बार की लड़ाई बहुत खास है.
2021 में ममता को मिली थी 215 सीट ,भाजपा को केवल 77 ----
तृणमूल कांग्रेस भी इसको समझ रही है और उसने सत्ता विरोधी लहर से बचने के लिए कई नए चेहरे को मैदान में उतारा है. जानकारी के अनुसार तृणमूल कांग्रेस ने 74 विधायकों का टिकट काट दिया है. 2021 में तृणमूल कांग्रेस को 215 सीट मिली थी, जबकि भाजपा को 77 सीट मिल पाई थी. एस आई आर भी बंगाल में बड़ा मुद्दा बना हुआ है, तो सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी दिख रहे हैं. चुनाव आयोग अधिकारियों को ताबड़तोड़ बदल रहा है. भाजपा ने अस्पताल में एक ट्रेनिंग डॉक्टर के साथ हुई घटना में मृत छात्रा की मां को भाजपा ने उत्तर 24 परगना जिले की पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया है. मुस्लिम मतदाताओं पर सबकी नज़रें टिकी हुई हैं. मुस्लिम मतदाताओं को बांटने के लिए कई तरह के गठबंधन किये गए हैं.
भवानीपुर से मुख्यमंत्री के खिलाफ की जा रही बड़ी तैयारी ----
भवानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं ,तो उनके सामने सुवेंदु अधिकारी हैं. भवानीपुर से मुख्यमंत्री मौजूदा विधायक भी हैं. 2021 में ममता बनर्जी नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी से चुनाव हार गई थी. इधर, चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने रसोई गैस पर कहा कि हमें नहीं पता, दो दिन बाद गैस मिलेगी अथवा नहीं। बढ़ती कीमतों और आपूर्ति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को फिर से पुराने दिनों में लौटना पड़ सकता हैं. गैस सिलेंडर ₹400 में मिलता था लेकिन अब इसकी कीमत ₹1100 तक पहुंच गई है. उन्होंने सवाल किया कि अगर महिलाओं को गैस मिलने में विलंब होगा तो वह खाना कैसे तैयार करेंगी।
राष्ट्रपति शासन लगा तो क्या करेंगी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ----
ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति शासन की अटकलें पर भी प्रतिक्रिया दी. कहा कि अगर राष्ट्रपति शासन भी लागू किया जाता है तो वह अकेले ही मुकाबला करने के लिए काफी हैं . इधर, सूचना के अनुसार 28 मार्च को गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के दौरे पर रहेंगे। वह तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप पत्र दाखिल करेंगे। इसमें सत्तारूढ़ दल के खिलाफ आरोपो का पुलिंदा होगा। बंगाल के भाजपा सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री एक खास प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और टीएमसी सरकार के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने गुरुवार को कहा कि राज्य में भाजपा की सत्ता आते ही पुलिस के स्वरूप में पूरी तरह से बदलाव होगा और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अपराधियों का एनकाउंटर भी होगा। दिलीप घोष खड़कपुर में एक चुनावी कार्यक्रम में बोल रहे थे.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो