धनबाद(DHANBAD): जिले के बीसीसीएल बरोरा एरिया स्थित एएमपी कोलियरी में कार्यरत 52 वर्षीय कर्मचारी सुभाष बाउरी की बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सुभाष बाउरी खोदो नदी में नहाने गए थे, इसी दौरान उनकी जान चली गई. वह लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे और आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान उन्हें दौरा पड़ा, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलने के बाद बरोरा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.
मृतक सुभाष बाउरी बरोरा एरिया की मुराइडीह कॉलोनी में जलापूर्ति कार्य से जुड़े हुए थे और वाटर सप्लाई का काम करते थे. वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं. उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं. उनका पैतृक घर बोकारो जिले के पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र में स्थित है. अचानक हुई इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
घटना की जानकारी मिलते ही कई श्रमिक नेता भी मौके पर पहुंचे. श्रमिक नेता जे.के. झा, देवानंद राजभर, मंगल हेंब्रम और मनोज मोदी समेत अन्य लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन से मृतक के आश्रित को तत्काल नौकरी देने की मांग उठाई. नेताओं का कहना है कि परिवार आर्थिक संकट में है और कंपनी को मानवीय आधार पर जल्द नियोजन देना चाहिए. साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा. इस घटना के बाद सहकर्मियों ने भी मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.