दुमका (DUMKA): प्रवर्तन निदेशालय की ओर से कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए समन जारी करने से दुमका के कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हैं. केंद्र सरकार पर केंद्रीय जांच एजेंसी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में प्रतिवाद मार्च निकाला. यज्ञ मैदान के पास स्थित कांग्रेस भवन में काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित हुए और जुलूस की शक्ल में नगर भ्रमण करते हुए समाहरणालय तक गए. प्रतिवाद मार्च के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
सड़कों पर कांग्रेसी
मौके पर कांग्रेस के दुमका जिला प्रभारी अशोक वर्मा ने बताया कि भाजपा जानबूझकर कांग्रेस नेताओं को निशाना बना रही है. केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी हो या सीबीआई भाजपा उसका दुरुपयोग कर रही है, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं है. कांग्रेसी सड़कों पर है और आम लोगों को वस्तु स्थिति से अवगत कराने का कार्य कर रही है. समय आने पर जनता इसका जवाब जरूर देगी.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
