जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : युवती पर गर्म चाय फेंकने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है. जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र की रहने वाली मेहंदी कुमारी को न्याय दिलाने के लिए अब लोग सड़कों पर उतर आए हैं.शनिवार को झारखंड क्षत्रीय संघ की सोनारी इकाई की ओर से शहर में एक बड़ी रैली निकाली गई है. इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने पहले डीसी ऑफिस और फिर एसएसपी ऑफिस के पास जोरदार विरोध जताया.
इस तरह की घटना समाज के लिए बेहद खतरनाक
लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना समाज के लिए बेहद खतरनाक है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गयाजिसमें आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने की मांग की गई.घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है. हर कोई पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग कर रहा है।
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि इलाज में किसी तरह की आर्थिक बाधा नहीं आने दी जाएगी.वहीं टाटा स्टील प्रबंधन ने भी बकाया बिल के बावजूद इलाज जारी रखने पर सहमति जताई है. विधायक ने घटना के अगले दिन ही अपने प्रतिनिधियों को अस्पताल भेजकर स्थिति की जानकारी ली.
घटना 6 अप्रैल की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुई थी
यह घटना 6 अप्रैल की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के टीएफए के पास हुई थी. चाय दुकान में काम करने वाली मेहंदी कुमारी पर कुछ बदमाशों ने खौलती चाय फेंक दी और दुकान में तोड़फोड़ भी की थी.इस हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई और फिलहाल टीएमएच में उसका इलाज चल रहा है.पुलिस ने इस मामले में अब तक अभय तिवारी नामक एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि अन्य आरोपी सनी मिश्रा, प्रेम कुमार समेत कई लोग अभी फरार हैं.
जैसे-जैसे विरोध प्रदर्शन बढ़ रहा है प्रशासन पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई का दबाव भी बढ़ता जा रहा है. अब देखना होगा कि पुलिस बाकी आरोपियों को कब तक पकड़ पाती है और पीड़िता को न्याय कब मिलता है.
रिपोर्ट -रोहित कुमार