रांची(RANCHI): राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में वेतन भुगतान को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. सोमवार को बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने रिम्स निदेशक का घेराव कर अपनी नाराजगी जाहिर की. कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले ढाई महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है. बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक सैलरी खाते में नहीं पहुंची, जिसके कारण कर्मचारियों में भारी असंतोष देखा जा रहा है.
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन भुगतान नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने को मजबूर होंगे. कर्मचारियों का कहना है कि लगातार इंतजार और भरोसे के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है.
रिम्स में करीब 1500 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें पैरामेडिकल स्टाफ, स्थायी नर्सिंग कर्मी और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी शामिल हैं. इन सभी को करीब ढाई महीने से वेतन नहीं मिला है. कर्मचारियों का कहना है कि वे अस्पताल की व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में दिन-रात लगे रहते हैं, लेकिन उनकी मेहनत का भुगतान समय पर नहीं हो रहा.
वेतन रुकने से कर्मचारियों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है. कई कर्मचारियों ने बताया कि बच्चों की स्कूल फीस जमा करने, घर का किराया देने और बैंक की ईएमआई चुकाने में गंभीर परेशानी हो रही है. कुछ कर्मियों ने यह भी कहा कि परिवार चलाने के लिए उन्हें उधार लेना पड़ रहा है.
उनका कहना है कि यदि समय रहते वेतन भुगतान नहीं हुआ तो इसका असर अस्पताल की सेवाओं पर भी पड़ सकता है. फिलहाल रिम्स प्रशासन की ओर से कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया है, लेकिन आंदोलन कर रहे कर्मी अब जल्द कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं.