जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा में यूसील कर्मी संजय श्रेष्ठ के पिता रतन बहादुर श्रेष्ठ (80) की धारदार हथियार से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह वारदात राखा कॉपर कॉलोनी स्थित पुराने नर्सरी स्कूल परिसर में हुई, जहां अज्ञात हमलावर ने वृद्ध पर हमला कर उनकी जान ले ली. आशंका है कि देर रात वृद्ध की हत्या की गई है.
मंगलवार को पुलिस ने मौके से शव बरामद किया. रतन बहादुर श्रेष्ठ सोमवार रात किसी कार्य से जादूगोड़ा से राखा कॉलोनी आए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे. परिजनों ने पहले खुद तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. मंगलवार को स्थानीय लोगों ने नर्सरी स्कूल परिसर में एक वृद्ध व्यक्ति को खून से लथपथ पड़ा देखा. उनकी पहचान रतन बहादुर श्रेष्ठ के रूप में हुई. घटना स्थल पर एक महिला मिली जो घायल अवस्था में थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घायल महिला का इलाज कराया तो बुजुर्ग के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
घायल महिला से हो रही पूछताछ
जादूगोड़ा थाना के एसआई प्रीतम राज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. घायल महिला का पहले इलाज कराया और फिर उसे पूछताछ के लिए थाना ले गई. पुलिस को शक है कि महिला के सामने ही इस घटना को अंजाम दिया गया है. इधर, इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुटी. पुलिस को शक है कि अवैध संबंध में वृद्ध की हत्या हुई है. एसआई प्रीतम राज ने बताया कि महिला से फिलहाल पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही हमलावरों का पता लगाया जा रहा है. किसी धारदार हथियार से वृद्ध की हत्या की गई है. शरीर पर कई जगह जख्म के निशान है.
रिपोर्ट: रोहित सिंह