धनबाद (DHANBAD): कोयलांचल में भीषण गर्मी के बीच राजनीति का भी पारा चढ़ा हुआ है.धनबाद में गुरुवार को एयरपोर्ट का खूब हल्ला हुआ. रणधीर वर्मा चौक पर भाजपा ने धरना देकर राज्य सरकार को निशाने पर लिया. कहा कि राज्य सरकार की वजह से धनबाद में एयरपोर्ट नहीं बन रहा है. यह धरना सांसद ढुल्लू महतो के नेतृत्व में आयोजित किया गया था. धरना में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह भी मौजूद थे.
वैसे भी एयरपोर्ट को लेकर धनबाद की सियासत कई दिनों nसे गरमाई हुई है. भाजपा नेता राज्य सरकार को दोषी ठहरा रहे हैं, जबकि सरकार के समर्थक विधायक इसके लिए भाजपा को ही कलंकित कर रहे हैं. अचानक एयरपोर्ट के लिए भाजपा के सक्रिय होने के बाद माले विधायक अरूप चटर्जी ने The Newspost को बताया कि भाजपा वाले दो दशक से भी अधिक समय से सोए हुए थे.
अब जब राज्य सरकार ने इससे संबंधित संचिका के मूवमेंट को तेज कर दिया है, तो क्रेडिट लेने के लिए भाजपा के सांसद, पूर्व सांसद सहित अन्य लोग सक्रिय हो गए हैं. विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि दशकों से भाजपा वाले सोए हुए थे. किसी को कोई चिंता नहीं थी. उन्होंने इस संबंध में राज्य सरकार के अधिकारियों से बात की तो बताया गया कि धनबाद में एयरपोर्ट की फाइल तेजी से मूव कर रही है. विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी इसमें विशेष रुचि ले रहे हैं और जगह चिन्हित करने का काम शुरू किया गया है.
विधायक ने कहा कि राज्य सरकार से धनबाद के उपायुक्त को पत्र आने के बाद उपायुक्त के साथ बैठक कर जमीन चिन्हित की जाएगी. मतलब राज्य सरकार की सक्रियता के बाद भाजपा इसे मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है. धनबाद में एयरपोर्ट का मुद्दा अब राजनीतिक रंग ले लिया है. जानकारी के अनुसार विधानसभा में विधायक मथुरा महतो और विधायक अरूप चटर्जी ने इस मामले को उठाया था. तो सरकार ने जवाब दिया था कि इस पर गंभीरता से विचार चल रहा है. विधायक का अरूप चटर्जी का कहना है कि जब भाजपा के लोगों को मालूम हुआ कि फाइल का मूवमेंट तेज हो गया है, तो श्रेय लेने के लिए धरना प्रदर्शन किया जा रहा है.
हालांकि एयरपोर्ट के मामले में धनबाद जिला कांग्रेस कहीं नहीं है, लेकिन कांग्रेस के वरीय नेता अशोक कुमार सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.उनका कहना है कि एयरपोर्ट के लिए भाजपा झूठा आंसू बहा रही है. प्रधानमंत्री उड़ान योजना के तहत कई जगह एयरपोर्ट बने. यह अलग बात है कि इसके लिए धनबाद का चयन नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि अभी हाल तक ट्रिपल इंजन की सरकार थी. मतलब निगम में भाजपा थी. झारखंड में भाजपा थी और केंद्र में भाजपा थी और है. फिर भी एयरपोर्ट का निर्माण नहीं हुआ. अब जब राज्य सरकार इसमें सक्रिय हुई है, तो सांसद ढुल्लू महतो और पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह इस मामले को आगे बढ़ाने का श्रेय लेना चाह रहे हैं.
वैसे भी भाजपा चाहती तो बहुत पहले एयरपोर्ट बन गया होता. बलियापुर में एफसीआई की जमीन है. एफसीआई भी केंद्र का और एयरपोर्ट बनाने का जिम्मा भी केंद्र के पास है. ऐसे में एयरपोर्ट नहीं बनवाकर भाजपा अब राज्य सरकार के माथे पर ठीकरा फोड़ने की कोशिश कर रही है. इधर जब राज्य सरकार सक्रिय हो गई है ,तब श्रेय लेने के लिए झूठा दिखावा किया जा रहा है.
रिपोर्ट : धनबाद ब्यूरो