रांची(RANCHI): झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने राज्य के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए बड़ा अवसर प्रदान किया है. झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश पर सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस बार नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर संचालित प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी. इन स्कूलों में चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा.
जारी अधिसूचना के अनुसार संथाल परगना प्रमंडल स्थित दुमका आवासीय विद्यालय, कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा आवासीय बालक विद्यालय और इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय में एडमिशन के लिए आवेदन किए गए हैं. इन विद्यालयों में छात्रों को उत्कृष्ट और पूरी तरह मुफ्त आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.
नामांकन के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी निर्धारित की गई हैं. आवेदन करने वाला छात्र या छात्रा झारखंड का मूल या स्थानीय निवासी होना चाहिए. 1 अगस्त 2026 तक अभ्यर्थी की आयु 10 वर्ष से कम और 12 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. साथ ही अभ्यर्थी किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल से पांचवीं कक्षा पास कर चुका हो और वर्तमान में छठी कक्षा में अध्ययनरत हो. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा.
प्रवेश परीक्षा ओएमआर शीट पर आधारित होगी, जिसमें सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय होंगे. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी और प्रत्येक पाली की अवधि ढाई घंटे होगी. परीक्षा में गणित, सामाजिक अध्ययन एवं विज्ञान, भाषा और मानसिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे. प्रत्येक विषय 50 अंकों का होगा. हर विद्यालय में कुल 100 सीटें निर्धारित की गई हैं.
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 मई 2026 से शुरू होकर 12 जून 2026 तक चलेगी. आवेदन पत्र को स्कूल प्रधान से सत्यापित कराकर 13 जून तक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा. वहीं डीईओ स्तर से ऑनलाइन स्वीकृति की प्रक्रिया 15 जून तक पूरी की जाएगी. आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे.