रांची(RANCHI): झारखंड में आने वाले त्योहारों को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. राम नवमी से लेकर हनुमान जयंती तक राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं. स्पेशल ब्रांच के आईजी द्वारा तैयार की गई विस्तृत रिपोर्ट गृह सचिव, डीजीपी समेत सभी जिलों के डीसी और एसपी को भेज दी गई है. इसमें संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, 24 मार्च को अंतिम मंगला जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 26 मार्च को रामनवमी और 2 अप्रैल को हनुमान जयंती मनाई जाएगी. इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका जताई गई है. इसी को देखते हुए सभी जिलों में अतिरिक्त सतर्कता और निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं. खास तौर पर हजारीबाद को सांप्रदायिक दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है.
स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट में पिछले वर्षों के दौरान हुई घटनाओं का भी जिक्र किया गया है, ताकि उन इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जा सके. रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा, बोकारो, जमशेदपुर और साहिबगंज के कुछ थाना क्षेत्रों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया है, जहां पहले भी तनाव की स्थिति बन चुकी है.
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने कई अहम निर्देश जारी किए हैं. संभावित उपद्रवियों की पहचान कर उन पर पहले से कार्रवाई करने को कहा गया है. पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया है. साथ ही मीडिया से अपील की गई है कि किसी भी खबर को बढ़ा-चढ़ाकर या गलत तरीके से प्रस्तुत न किया जाए.
सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. इसके अलावा अवैध शराब की बिक्री और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने को कहा गया है. जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल, वाहन और निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जुलूस के दौरान चेहरे को ढकने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी और डीजे संचालकों से लिखित आश्वासन लिया जाएगा कि वे किसी भी प्रकार के भड़काऊ या आपत्तिजनक गाने नहीं बजाएंगे. कुल मिलाकर, त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारी की गई है.