दुमका (DUMKA): दुमका शहर के दुकानदार इन दिनों लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान है. दुकानों में रखे सामान धीरे-धीरे गायब हो रहे है, जिसका पता दुकानदारों को तब चलता है जब वे रात में दुकान बंद करते समय हिसाब किताब मिलाते है. इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाती है, तब चोरी का खुलासा होता है. आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही है, लेकिन सामान की कीमत कम होने के कारण अधिकांश मामले थाना तक नहीं पहुंच पाते.
सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात
सोमवार को नीचे बाजार स्थित गौरव इंटरप्राइजेज नामक दुकान से बर्तन की चोरी हुई.पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे दुकानदार को आरोपी की पहचान करने में मदद मिली.
अगले दिन फुटेज के आधार पर हुई पहचान और पकड़ाया चोर
मंगलवार को संयोगवश आरोपी ऑटो में सवार होकर उसी दुकान के सामने से गुजर रहा था.सीसीटीवी फुटेज में दिखे व्यक्ति से उसका हुलिया मिलते ही दुकान के प्रोपराइटर गौरव ने उसे पहचान लिया उन्होंने ऑटो रुकवाकर आरोपी को पकड़ लिया और पूछताछ की
सस्ते में बेच दिए चोरी के बर्तन
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोमवार को बर्तन चोरी कर लिए थे और करीब दो हजार रुपये के बर्तन महज चार सौ रुपये में बेच दिए.
भीड़ ने की पिटाई, पुलिस ने बचाया
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आरोपी को बांधकर उसकी पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस पहुंची और भीड़ के कब्जे से आरोपी को मुक्त कराकर अपने साथ थाना ले गई.
आरोपी की पहचान और पुलिस जांच जारी
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सैयब अंसारी, पिता हाशिम अंसारी, निवासी डंगाल पाड़ा, जरूरवाडीह बताया है. उसने बताया कि नशे की हालत में उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट-पंचम झा