देवघर (DEOGHAR): गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर दौरे के दौरान संताल परगना और आसपास के इलाकों के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देवघर और गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में रेलवे, सड़क, एयर कनेक्टिविटी, उद्योग और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे. सांसद ने दावा किया कि इन परियोजनाओं से न केवल क्षेत्र का विकास होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
देवघर में खुलेगा बिहार-झारखंड का पहला वीजा फैसिलिटी सेंटर
सांसद ने बताया कि इस साल के अंत तक देवघर में बिहार और झारखंड का पहला वीजा फैसिलिटी सेंटर शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि अब तक बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के लोगों को वीजा बनवाने के लिए दिल्ली या कोलकाता जाना पड़ता था, लेकिन देवघर में सेंटर खुलने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में सिंगापुर, दुबई, कुवैत, बैंकॉक, थाईलैंड और मलेशिया जैसे देशों के लिए वीजा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. फिलहाल इसके लिए जगह चिन्हित करने का काम चल रहा है. सबकुछ योजना के अनुसार रहा तो अक्टूबर या नवंबर तक यह सेंटर शुरू हो जाएगा.
देवघर एयरपोर्ट से कई नए शहरों के लिए उड़ान सेवा
देवघर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भी सांसद ने बड़ी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. वर्तमान में यहां से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए प्रतिदिन तथा मुंबई और कोलकाता के लिए सप्ताह में तीन दिन विमान सेवा संचालित हो रही है. अब जल्द ही हैदराबाद, सूरत, गुवाहाटी और अन्य शहरों के लिए भी सीधी उड़ान सेवा शुरू की जाएगी. इससे एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
गोड्डा में कोल ब्लॉक और न्यूक्लियर पावर प्लांट की तैयारी
सांसद ने कहा कि गोड्डा क्षेत्र में चार कोल ब्लॉक आवंटित किए गए हैं. इनमें से दो ब्लॉक दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) को मिले हैं, जबकि एक अन्य ब्लॉक किसी निजी कंपनी को दिया गया है. उन्होंने बताया कि शेष कोल ब्लॉक भी डीवीसी को देने का आग्रह किया गया है. इसके अलावा देवघर जिले के पुनासी और बिहार के बांका जिले में न्यूक्लियर पावर प्लांट स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है. सांसद के अनुसार इन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र औद्योगिक रूप से मजबूत होगा.
रेलवे और फोरलेन परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर
सांसद ने कहा कि 2009 में जब वे पहली बार सांसद बने थे, तब संताल परगना में रेलवे और सड़क व्यवस्था बेहद कमजोर थी. अब क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि हंसडीहा-गोड्डा रेल लाइन शुरू होने के बाद अब गोड्डा से महगामा तक रेल सेवा दिसंबर 2027 तक और महगामा से पीरपैंती तक जून 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
इसके साथ ही गोड्डा रेलवे स्टेशन से गुजरात और कोटा के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने की भी तैयारी है, ताकि बाहर काम करने और पढ़ाई करने वाले लोगों को सुविधा मिल सके. सांसद ने यह भी कहा कि भागलपुर-कोलकाता वंदे भारत ट्रेन का ठहराव साहेबगंज और पाकुड़ में भी कराया जाएगा.
सड़क परियोजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हंसडीहा से महगामा तक फोरलेन का निर्माण पूरा हो चुका है. अब इसे एकचारी तक बढ़ाया जाएगा. वहीं चौपा मोड़ से हंसडीहा तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी. मधुपुर में बाईपास रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो बेंगाबाद से सीधे देवघर एयरपोर्ट तक जाएगी. सांसद ने हाल ही में क्षतिग्रस्त हुए विक्रमशिला पुल का भी जिक्र किया और कहा कि विक्रमशिला से कुरसेला तक नया गंगा पुल बनाने की योजना तैयार की जा रही है.
रिपोर्ट : ऋतुराज सिन्हा