लातेहार (LATEHAR): जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने मामूली डांट से नाराज होकर अपने ही पिता की हत्या कर दी. घटना मनिका थाना क्षेत्र के शिंजो पंचायत की है. आरोप है कि बेटे ने कुदाल से हमला कर पिता को मौत के घाट उतार दिया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजकुमार सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि किसी घरेलू बात को लेकर उन्होंने अपने बेटे चंदन सिंह को डांट दिया था. पिता की इसी बात से नाराज होकर चंदन ने आपा खो दिया. आरोप है कि गुस्से में उसने घर में रखा कुदाल उठाया और अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण राजकुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चंदन सिंह घर से फरार हो गया. घटना देर रात की होने के कारण आसपास के लोगों को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल सकी. सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को घटना का पता चला तो इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक के घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना प्रभारी प्रभात दास पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी. साथ ही आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इधर मृतक की पत्नी और आरोपी की मां ने बताया कि चंदन सिंह मानसिक रूप से बीमार था. कुछ दिन पहले ही उसका इलाज रांची में कराया गया था और वहां से उसे घर लाया गया था. परिजनों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और वह छोटी-छोटी बातों पर बेहद गुस्सा हो जाता था. आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव और गुस्से में उसने अपने पिता पर हमला कर दिया.
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है. इस घटना के बाद गांव में डर और शोक का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं कि एक बेटे ने अपने ही पिता की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी.