DHANBAD: धनबाद के मनियाडीह थाना क्षेत्र स्थित जीतपुर गांव में करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 39 वर्षीय टेकलाल मंडल के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है.
जानकारी के मुताबिक घर के बाहर 220 वोल्ट का एलटी तार काफी नीचे लटक रहा था. बुधवार सुबह टेकलाल मंडल जैसे ही घर से बाहर निकले, वह अचानक बिजली तार की चपेट में आ गए. करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग और परिवार के सदस्य तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़े.
काफी मशक्कत के बाद किसी तरह टेकलाल को तार से अलग किया गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी. स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
मृतक के भाई गोखुल मंडल ने बताया कि बिजली का तार काफी समय से नीचे गिरा हुआ था. उनका आरोप है कि इसकी जानकारी संबंधित विभाग को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने कहा कि अगर बिजली विभाग सतर्कता दिखाता तो टेकलाल की जान बच सकती थी.
परिजनों ने विभागीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है. घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया.
बताया जा रहा है कि टेकलाल मंडल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय लोगों ने भी बिजली विभाग से जर्जर तारों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
रिपोर्ट:नीरज कुमार