बोकारो (BOKARO): बोकारो जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां चाय के महज 500 रुपये के बकाए को लेकर एक दलित युवक के साथ बर्बरता की गई. जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान चंदन कुमार के रूप में हुई है. पीड़ित युवक ने इस अमानवीय कृत्य के खिलाफ बोकारो के एससी-एसटी (SC/ST) थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. बताए चंदन कुमार अक्सर आरोपी ईश्वर महतो की दुकान पर चाय पीने जाता था, जिसके कारण उस पर ₹500 का बकाया हो गया था. इसी मामूली रकम को लेकर हुए विवाद ने एक भयानक रूप ले लिया जिससे पीड़ित बेहद आहत है.
आपको बता दे, आरोपियों ने पीड़ित चंदन को जूते-चप्पलों से बेरहमी से पीटा, उसके बाद उसे जमीन पर पटका और जान से मारने की धमकी दी. गनीमत रही कि घटना के समय चंदन के साथ मौजूद बृज किशोर पांडे और रौनक सिंह ने बीच-बचाव किया, जिससे उसकी जान बच सकी. पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित चंदन कुमार ने बताया कि इस सरेआम हुए अपमान के बाद से वह गहरे सदमे में है और बेहद शर्मशार महसूस कर रहा है. चंदन ने थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है.
जानकारी के अनुसार, बीती रात जब पीड़ित हवाई अड्डा और सेक्टर-2 मोड़ के बीच से गुजर रहा था तब उसकी मुलाकात दुकानदार ईश्वर महतो और उसके परिवार से हुई. चंदन ने जब सामान्य रूप से उनका हाल-चाल पूछा, तो ईश्वर महतो अचानक भड़क गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा. चंदन ने आश्वासन दिया कि वह एक हफ्ते के भीतर सारा बकाया चुका देगा, लेकिन आरोपी और उसके साथी उग्र हो गए. विवाद बढ़ने पर ईश्वर महतो ने अपनी चप्पल निकालकर चंदन के मुंह पर मार दी. इतना ही नहीं आरोपी की पत्नी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पीड़ित के मुंह पर थूक दिया. फिलहाल पुलिस की जांच में जुटी हुई है.