TNP DESK:धनबाद जिले के गोनूडीह ओपी क्षेत्र स्थित भोला नाथ बसेरिया 4 नंबर यादव बस्ती से एक बेहद ही दर्दनाक घटना सामने आई है. जहां बीते शुक्रवार को 5 वर्षीय बच्चे की मौत आवारा कुत्तों के झुंड के काटने और हमले के वजह से हो गई है .मृत बच्चे का नाम अंकित यादव था जो कुंदन यादव का बेटा था.
जानकारी के मुताबिक, अंकित घर से थोड़ी दूरी पर बने मंदिर के पास गया था. इसी दौरान अचानक कई आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और उस पर हमला कर दिया. कुत्तों ने बच्चे को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे. बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों का खतरा बना हुआ है. कई बार शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. समाजसेवी टुनटुन यादव ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी.
घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश है. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को तुरंत पकड़ा जाए, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए और उनकी बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए.