जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) : रोजगार के क्षेत्र में लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के लिए एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है. विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों का चयन बेंगलुरु की प्रतिष्ठित Macfox कंपनी में हुआ है. चयनित छात्रों को 3 लाख रुपये वार्षिक पैकेज के साथ कंपनी द्वारा रहने के लिए सिंगल आवास सुविधा भी दी जाएगी. इस सफलता से विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है. विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित विशेष रिक्रूटमेंट ड्राइव में इंजीनियरिंग और प्रबंधन विभाग के छात्रों ने हिस्सा लिया था. कड़े चयन मानदंडों और विभिन्न चरणों की परीक्षा के बाद सात छात्रों ने सफलता हासिल की. कंपनी ने चयनित छात्रों को पूर्णकालिक रोजगार के लिए चुना है. इनमें बीटेक, डिप्लोमा और एमबीए के छात्र शामिल हैं, जिन्होंने अपनी तकनीकी और व्यावसायिक दक्षता के आधार पर यह अवसर हासिल किया. कंपनी की ओर से चयनित छात्रों को डीईटी (डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी) और जीईटी (ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. ये पद मुख्य रूप से मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा सेल्स एंड मार्केटिंग स्ट्रीम से जुड़े हैं. शुरुआती तौर पर छात्रों को 3 लाख रुपये वार्षिक वेतन दिया जाएगा. साथ ही कंपनी ने बेंगलुरु में कार्यस्थल के नजदीक रहने के लिए सिंगल अकोमोडेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराने की घोषणा की है, जिससे चयनित छात्र और उनके अभिभावक काफी उत्साहित हैं.
संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट सेल लगातार इस दिशा में प्रयासरत है कि प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर रोजगार के अवसर मिलें. उनका उद्देश्य केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य को मजबूत आधार देना है. उन्होंने सभी चयनित छात्रों को शुभकामनाएं दीं. वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि इंजीनियरिंग और एमबीए के छात्रों का एक साथ कोर भूमिकाओं के लिए चयन होना विश्वविद्यालय की गुणवत्ता को दर्शाता है. उन्होंने इसे शिक्षकों के मार्गदर्शन और छात्रों की मेहनत का परिणाम बताया. कंपनी जल्द ही चयनित छात्रों को औपचारिक जॉइनिंग प्रक्रिया के लिए आमंत्रित करेगी.