सरायकेला (SARAIKELA ) : आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत गुरुवार को सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में साफ सफाई अभियान की शुरुआत की गई. डीसी अरवा राजकमल के नेतृत्व में आदित्यपुर नगर निगम के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों के द्वारा गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक से इसकी शुरुआत की गई. उपायुक्त ने खुद हाथों में झाड़ू व कुदाल लेकर जमकर साफ सफाई करते नजर आए. साथ ही लोगों को भी अपने क्षेत्र की साफ-सफाई को लेकर संजीदगी दिखाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के साफ-सफाई को लेकर प्रशासन क्या कर रहा है. इससे ज्यादा अहम यह है कि आप अपने क्षेत्र की साफ सफाई के लिए क्या कर रहे हैं.
आसपास रखें साफ सफाई
उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील करते हुए कहा कि अपने दुकान के आसपास की गंदगी को साफ सफाई करने की ओर ध्यान दें. डीसी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अभी त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है. कई पर्व त्यौहार आने वाले हैं. ऐसे में लोग पर्व त्यौहार मनाते समय साफ सफाई का विशेष ध्यान दें और इधर-उधर कचरा ना फैलाएं. इस कार्यक्रम में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद श्रीवास्तव, डिप्टी मेयर बॉबी सिंह, नगर आयुक्त गिरजा शंकर समेत कई जनप्रतिनिधि व निगम कर्मी मौजूद थे. यह अभियान आदित्यपुर नगर निगम के 35 वार्ड में लगातार जारी रहेगा. दुर्गा पूजा तक सारे नगर निगम क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया गया है