दुमका (DUMKA): दुमका का जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र इन दिनों साइबर अपराधियों का हब बनता जा रहा है. यही कारण है कि जरमुंडी में साइबर क्राइम की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ऐसे में दुमका जिला के जरमुंडी थाना से एक नया मामला सामने आया है. पुलिस ने साइबर अपराध की योजना बना रहे तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनकी गिरफ्तारी कल जरमुंडी थाना क्षेत्र के चोरखेदा गांव से हुई है. जिला एसपी सभाकक्ष में प्रेस वार्ता कर एसपी अंबर लकड़ा ने मामले की जानकारी दी.
क्या है मामला
पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरखेदा गांव के पास झाड़ी में संदिग्ध परिस्थिति में कुछ युवक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ बैठे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम उस स्थल पर पहुंची. वहां लगभग 20 से 22 की संख्या में युवा मोबाइल और लैपटॉप लेकर बैठे हुए थे. पुलिस को देखते ही सभी युवक भागने लगे. पीछा करते हुए पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया. पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया की वे लोग साइबर अपराध की योजना बना रहे थे. बैंक अधिकारी बनकर लोगों के खाता से रुपैया अपने खाते में ट्रांसफर करना उनका पेशा है. आगे पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने एक अन्य सहयोगी का भी नाम बताया. जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी के नाम
गिरफ्तार आरोपी का नाम शैलेंद्र कुमार मंडल, गुड्डू कुमार मंडल, और मुकेश कुमार मंडल है. इसमें से शैलेंद्र और गुड्डू जरमुंडी थाना क्षेत्र का रहने वाला है. जबकि मुकेश कुमार मंडल जामताड़ा जिला के नारायणपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. तीनों आरोपी को कोर्ट में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
