धनबाद(DHANBAD): झरिया थाना क्षेत्र के ऐना कोलियरी मे चोरों ने आतंक मचा कर रखा है. गुरुवार 16 जून की देर रात 20 से 25 की संख्या में हथियारबंद चोर बीसीसीएल के एना परियोजना कार्यालय पहुंचे. वहां चोरों ने तीन कर्मियों के साथ मारपीट की. उनके मोबाइल छीन लिए और बंधक बना कर काफी उत्पात मचाते हुए बिजली कार्यालय सहित 5 कार्यालयों का ताला तोड़ लाखों की संपति ले गए. चोरों ने बिजली घर से बिजली के कई कीमती सामान भी लूट लिए.
गार्ड के साथ मारपीट भी की
जैसे ही लूट की जानकारी अन्य कर्मियो को मिली, वैसे ही कर्मियों ने इसकी सूचना बीसीसीएल अधिकारियो को दी गई. साथ ही इसकी सूचना झरिया थाना को भी दी गई. बीसीसीएल कर्मी भोला दास ने बताया कि चोरों ने कर्मी महेश दास, जितेन्द्र भुइयां और गार्ड के साथ मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है, जिससे कर्मी दहशत में हैं. चोरों ने हाजिरी घर सहित अन्य कार्यालय रूम के दरवाजे का ताला भी तोड़ दिया. वहीं बिजली घर के दरवाजे का ताला तोड़कर बिजली के कीमती सामान भी चोर ले गए.
रिपोर्ट: शौकत खान, धनबाद