सिमडेगा(SIMDEGA): कोलेबिरा अंचल और कोलेबिरा थाना की संयुक्त टीम ने कोलेबिरा प्रखंड के अघरमा पंचायत अंतर्गत लरबा गांव में भारी मात्रा अवैध बालू बरामद किया है. शुक्रवार को कोलेबिरा अंचलाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि लरबा बालू का अवैध भंडारण किया जा रहा है. इसी के आधार पर कोलेबिरा अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी ने टास्क टीम बनाकर लरबा ग्राम में छापे मारे. अवैध रूप से जमा किए गए लगभग 23040 सीएफटी बालू जब्त किया.
मामले में अंचलाधिकारी हरीश कुमार ने कहा कि उपायुक्त सिमडेगा के निर्देशानुसार अवैध रूप से बालू का स्टॉक नदी से निकालकर जमा करने के मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. उनके विरुद्ध अवैध खनन और परिवहन नियमों के मुताबिक प्राथमिकी दर्ज करायी जाएगी.
पहले भी पुलिस ने की थी कार्रवाई
बता दें कि इससे पूर्व कोलेबिरा प्रखंड के कुंदूरडेगा गांव के समीप से अवैध रूप खनन किए गए साइट पत्थरों को भी जब्त किया गया था. इस मामले में भी पत्थर धंधेबाजों को नामजद किया गया था. परंतु अवैध खनन और परिवहन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. बता दें कि जिले में बालू का सरकारी स्तर पर खनन नहीं होने के कारण जिले भर में धड़ल्ले से अवैध रूप से बालू का खनन और परिवहन किया जा रहा है. प्रखंड में अंचलाधिकारी और पुलिस विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई के बाद भी बालू माफियाओं के हौंसले बुलंद हैं.
रिपोर्ट: अमित रंजन, सिमडेगा
