चाईबासा(CHAIBASA): चक्रधरपुर अनुडल क्षेत्र के बांदासाई गांव में डायरिया से दो पुरुष और एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई है. जबकि आधा दर्जन से ज्यादा लोग पीड़ित हैं. मृतकों में 48 वर्षीय रुक्मिणी डांगिल, 18 वर्षीय लक्ष्मण डांगिल और 30 वर्षीय बुतरू सामड शामिल हैं. बांदासाई में डायरिया फैलने और तीन लोगों की मौत की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया. गोइलकेरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ फूलचंद हांसदा मेडिकल टीम के साथ आनन- फानन में गांव पहुंचे और मरीजों का उपचार शुरू किया. इधर मामले की खबर मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार ने भी गांव पहुंच कर जांच -पड़ताल की. उन्होंने मेडिकल टीम को 24 घंटे स्थिति की निगरानी करने और बेहतर चिकित्सा मुहैया कराने का निर्देश दिया.
दूषित पानी के सेवन से फैला डायरिया
गांव में दूषित पानी के सेवन से डायरिया फैलने की जानकारी मिली है. यहां के अधिकांश लोग पेयजल के लिए एक कुएं पर आश्रित हैं. बीडीओ विवेक कुमार ने कहा कि पेयजल समस्या को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे. सोलर आधारित जलमीनार लगाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों को कुआं का पानी नहीं पीने की सलाह दी. उन्होंने पानी का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की बात कही है.
रिपोर्ट: संतोष वर्मा, चाईबासा
