खूंटी(KHUNTI): आज खूंटी जिले की बाल तस्करी की शिकार सात बच्चियों को दिल्ली से जिला प्रशासन द्वारा एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र नई दिल्ली के सहयोग से खूंटी लाया गया. सभी सात बच्चियों को बाल कल्याण समिति, खूंटी के सामने पेश किया गया. बच्चियों की काउंसलिंग की जा रही है. जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि बाल कल्याण समिति दिल्ली और खूंटी और जिला बाल संरक्षण ईकाई के संयुक्त प्रयास से एक बच्ची को 163000.00(एक लाख तिरसठ हजार रुपये) मज़दूरी की रकम दिलाई गई है. मज़दूरी की रकम बच्ची के नाम ड्राफ्ट मिली है. जिला बाल संरक्षण ईकाई द्वारा बच्ची का बैंक खाता खुलवाकर ड्राफ्ट को बच्ची के नाम फिक्स्ड डिपाजिट किया जाएगा. बच्ची की उम्र 18 वर्ष होने के बाद राशि की निकासी की जाएगी.
रिश्तेदारों ने बेचा बच्चियों को
बाल तस्करी के अधिकतर मामलों में बच्चियो के दूर के रिश्तेदारों ने ही चंद पैसों के खातिर ट्रैफिकर के हाथों बेचा गया था. सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली स्थित एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र नई दिल्ली से संपर्क स्थापित कर बच्चियों को रेस्क्यू करने का अनुरोध किया गया और बाल कल्याण समिति खूंटी के निर्देश में चाइल्डलाइन के द्वारा बच्चियों का सामाजिक जांच और गृह सत्यापन किया गया.
रिपोर्ट: मुजफ्फर हुसैन, खूंटी
